नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस ने कश्मीर घाटी में बीते एक महीने से जारी हिंसा के हालात पर लोकसभा में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बयान देने की मांग की।
हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों व सुरक्षाबलों के बीच झड़प में 55 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
मुद्दे को शून्यकाल में उठाते हुए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुद्दे पर संसद के बाहर बयान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की।
खड़गे ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कश्मीर मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है, वह भी संसद के बाहर, बेहतर होता कि वह बयान संसद में देते।”
उन्होंने कहा, “हम कश्मीर के हालात से अवगत हैं। पूरा सदन इसे लेकर चिंतित है। आपको इस संबंध में उन्हें निर्देश देने चाहिए।”
कांग्रेस की कश्मीर पर चर्चा की मांग ऐसे समय में आई है, जब राज्यसभा में बुधवार को इस मुद्दे को उठाया गया।
मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में अपने भाषण में कश्मीर को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी के इंसानियत, जम्हूरियत तथा कश्मीरियत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
dharmpath.com dharmpath