सिंहस्थ कुंभ घोटाले के खिलाफ युकां का 12 अगस्त को प्रदर्शन

भोपाल, 10 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अप्रैल-मई माह में हुए सिंहस्थ कुंभ में हुए कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक कांग्रेस 12 अगस्त को उज्जैन में प्रदर्शन करेगा। विरोध प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अरमिंदर सिंह (राजा) बरार भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान घोटाले की सीबीआई जांच की मांग भी की जाएगी।

राजधानी भोपाल में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुणाल चौधरी ने कहा, “उज्जैन सिंहस्थ कुंभ को सरकार ने राजनीतिक आयोजन बना दिया था और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। मटका प्रति नग 750 रुपये की दर से खरीदा गया, इतना ही नहीं कूलर का एक माह का किराया 5600 रुपये दिया गया, जबकि नया कूलर 3500 रुपये में आता है।”

चौधरी ने आरोप लगाया, “इस धार्मिक आयोजन के लिए 2843 किसानों की 2700 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन आधे से कम ही किसान ऐसे हैं, जिन्हें निर्धारित दर से भुगतान किया गया।”

चौधरी ने कहा, “सिंहस्थ कुंभ में आने वाले प्रति व्यक्ति का दो लाख रुपये का बीमा किया गया था, इसके प्रीमियम के तौर पर सरकार ने बीमा कंपनी को एक करोड़ 76 लाख रुपये का भुगतान भी किया, लेकिन मेले के दौरान मारे गए किसी भी व्यक्ति को दावा नहीं मिला है।”

उन्होंने आगे कहा, “सिंहस्थ घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर युवक कांग्रेस उज्जैन में 12 अगस्त को प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अरमिंदर सिंह (राजा) बरार भी हिस्सा लेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493