नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से यहां मुलाकात की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मसलों पर विचार-विमर्श किया।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने नड्डा से हिमाचल प्रदेश में एम्स की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने नड्डा से मंडी में ईएसआई मेडिकल कॉलेज में उपकरणों की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया।
बयान के अनुसार, नड्डा ने शिमला में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र (एनसीडीसी) की नई शाखा हेतु भूमि आवंटन से संबंधित मामले भी उठाए। मंत्री ने कहा कि राज्य में 10 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए एनसीडीसी को राज्य से 2-3 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से भूमि स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया, ताकि राज्य में इस प्रकार की सुविधा स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। मंत्री ने कहा कि हमीरपुर और चंबा के जिला अस्पतालों से संबद्ध मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए अनुमति अभी लंबित है और राज्य सरकार को दोनों कॉलेजों की स्थापना के लिए सक्रिय कदम उठाने चाहिए। केंद्र ने प्रत्येक कॉलेज के लिए 189 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की है।
बयान में कहा गया है कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के लिए 56 नए राष्ट्रीय राजमार्गो के संबंध में सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी द्वारा की गई घोषणा को भी दोहराया। स्वास्थ्य मंत्री ने इन राष्ट्रीय राजमार्गो के लिए डीपीआर को शीघ्रतापूर्वक तैयार करने हेतु भी अनुरोध किया तथा राज्य को सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
dharmpath.com dharmpath