ब्रासीलिया, 11 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील ने यहां रियो ओलम्पिक में फुटबाल प्रतियोगिता में डेनमार्क को 4-0 से मात देते हुए नॉकआउट स्टेज (अंतिम-8) में प्रवेश कर लिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गेब्रियल बारबोसा ने 26वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद 40वें मिनट में मैनचेस्टर युनाइटेड के नए खिलाड़ी गेब्रिएल जीसस की ओर से किए गए गोल की बदौलत मेजबान टीम ने पहले हाफ में 2-0 से बढ़त बनाई।
मुकाबले के दूसरे हाफ में अपने तकनीकी कौशल की बदौलत ब्राजील ने कई अवसर हासिल किए। एक बार फिर अपना दबदबा बनाते हुए मेजबान टीम दो और गोल दागे।
ब्राजील के लिए दूसरे हाफ में लुआन (50वें मिनट) और बारबोसा (80वें मिनट) ने गोल दागे और टीम को जीत दिलाई।
फुटबाल प्रतियोगिता के ग्रुप- ए में ही हुए एक अन्य मुकाबले में इराक ने दक्षिण अफ्रीका को 1-1 से बराबरी पर रोगा और इसलिए, दोनों टीमें बाहर हो गई हैं।
इसके अलावा ग्रुप-बी में दो मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में जापान ने स्वीडन को 1-0 से मात दी, तो वहीं दूसरे मुकाबले में कोलंबिया ने नाइजीरिया को 2-0 से मात देकर नॉकआउट स्टेज में प्रवेश कर लिया है।
जर्मनी ने ग्रुप-सी में फीजी को 10-0 से हराकर नॉकआउट में कदम रखा है। वहीं, इसी ग्रुप में हुए दूसरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने मेक्सिको को 1-0 से मात दी।
फुटबाल प्रतियोगिता के ग्रुप-डी में होंडुरस का अर्जेटीना के साथ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। वहीं, पुर्तगाल ने अल्जेरिया के साथ 1-1 से मुकाबला ड्रॉ कर अगले दौर में प्रवेश पा लिया है।
रियो ओलम्पिक फुटबाल के नॉकआउट स्टेज में अब शनिवार को जहां एक ओर ब्राजील की भिड़ंत कोलंबिया से होगी, वहीं डेनमार्क का मुकाबला नाइजीरिया से होगा।
इसके अलावा पुर्तगाल का मुकाबला जर्मनी से होगा और दक्षिण कोरिया की भिड़ंत होंडुरस से होगी।
dharmpath.com dharmpath