नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक समिति द्वारा भारत के खेल मंत्री विजय गोयल की मान्यता रद्द करने की धमकी के बाद सोशल नेटवर्किं ग साइट ट्विटर पर मंत्री के आक्रामक और रूखे व्यवहार की काफी आलोचना की जा रही है।
रियो ओलम्पिक में भारतीय दल का उत्साहवर्धन करने गए गोयल ने कुछ लोगों के साथ उस जगह प्रवेश कर लिया था जहां प्रवेश निषेध था।
रियो ओलम्पिक की आयोजक समिति ने गुरुवार को भारतीय दल के अध्यक्ष राकेश गुप्ता को गोयल के दुराचार के बारे में लिखा था।
रियो ओलम्पिक समिति की महाद्वीपीय प्रबंधक सारा पीटरसन ने पत्र में लिखा है कि पहले चेतावनी देने के बाद भी बार-बार वही काम को दोहराया गया है। पत्र में लिखा गया है कि इस तरह का व्यवहार मान्य नहीं होगा और इसके लिए मंत्री की मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
ट्विटर पर इस वाक्ये को बख्शा नहीं गया और गोयल की काफी आलोचना हो रही है।
ट्विटर उपयोगकर्ता ने ट्वीट किया, “विजय गोयल ने अपने आक्रामक और रूखे व्यवहार से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को खराब किया है।”
एक अन्य ने ट्वीट किया, “अगर वह ऐसा दोबारा करते हैं तो उनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी इसका मतलब फिर वह सेल्फी नहीं ले पाएंगे।”
एक शख्स ने ट्वीट किया, “हमारे नेता जब अंतर्राष्ट्रीय विमान में बैठते हैं तो अच्छा व्यवहार करते हैं शायद विजय गोयल नशे में होंगे।”
गोयल ने हालांकि ऐसे किसी भी तरह के किस्से में अपने शामिल होने की मनाही की है। उन्होंने ट्विटर पर गुरुवार को लिखा है कि यहां किसी तरह की गलतफहमी हुई है।
उन्होंने लिखा, “मेरी जानकारी में हमने सभी नियमों का पालन किया है। हम ओलम्पिक भावना का सम्मान करने और अपने खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
गोयल ने कहा, “जरूर किसी तरह की गलतफहमी हुई है क्योंकि हमने आयोजकों द्वारा बताए गए हर नियम का पालन किया है।”
गुप्ता ने कहा कि दुर्भाग्यवश एक गैर मुद्दे को मुद्दा बना दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath