नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी दिल्ली डायनामोज के दो फुटबाल खिलाड़ी सौविक चक्रवर्ती और अनस इडाथोडिका आस्ट्रेलियाई क्लब सेंट्रल कोस्ट मरिनर्स के लिए ट्रायल देंगे।
फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इस बात की घोषणा की।
फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया कि यह दोनों क्लब के ऐसे पहले खिलाड़ी होंगे जो दोनों क्लबों के बीच खिलाड़ियों के विकास कार्यक्रम के तहत ए-लीग क्लब में खेलेंगे।
पिछले साल डायनामोज के साथ जुड़ने वाले अनस ने कहा कि वह आस्ट्रेलियन क्लब के स्टाफ को अपने खेल से प्रभावित करने के लिए उत्सुक हैं।
अनस ने कहा, “मेरा पिछले साल दिल्ली डायनामोज के साथ अनुभव काफी प्रेरणादायक रहा था। रोर्बटो कार्लोस, जॉन आर्ने रिसे और फ्लोरेंट मालाउडा के अलावा कई विदेशी और भारतीय प्रतिभावान खिलड़ियों के साथ खेलने से मुझे काफी प्रेरणा मिली है। मैं दिल्ली डायनामोज का विदेशी क्लब के साथ खेलने का मौका देने के लिए शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं अपनी चोट से वापस आ चुका हूं। मेरी कोशिश सेंट्रल कोस्ट के स्टाफ को अपने खेल से प्रभावित करने की होगी। मैं ट्रायल में अपनी सफलता को लेकर आश्वस्त हूं।”
ट्रायल के बारे में आस्ट्रेलियाई क्लब के सह कोच जॉन हचिंसन ने कहा है कि वह इसके लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, “इन युवा खिलाड़ियों का हमारे साथ होना काफी अच्छा है। हमने उन्हें एक तय कार्यक्रम दिया था जिसमें उन्होंने काफी अच्छा किया था। वह दोनों अच्छे फुटबाल खिलाड़ी हैं। वह जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं वो शानदार है।”
dharmpath.com dharmpath