लखनऊ में लगा ‘सेना को जानें’ मेला

मेले का उद्घाटन मध्य यूपी सब एरिया के जनरल आफीसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल आर.एस. माल्वे ने किया।

माल्वे ने कहा कि इस मेले का उद्देश्य सेना के प्रति छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों में जागरूकता पैदा करना और लोगों को सेना की गतिविधियों के बारे में जानकारी देना है। इसके अलावा मातृभूमि की रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में सेना की अहम भूमिका व उपलब्धियों के बारे में भी इस मेले के माध्यम से रूबरू कराना है।

इस दौरान क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय तथा एनसीसी द्वारा स्थापित स्टॉल पर युवा सेना में बेहतर कॅरियर के लिए आवश्यक जानकारियां हासिल करने में बढ़-चढ़कर रुचि ले रहे हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से सेना एवं एनसीसी में शामिल होने से जुड़ी विविध जानकारियां दी जा रही हैं, जिससे युवा सेना एवं एनसीसी में अपने बेहतर कॅरियर बनाकर राष्ट्र सेवा कर सकें।

इस मेले में अत्याधुनिक सैन्य हथियार एवं उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें टी-72 टैंक, इंफैन्ट्री कॉम्बैट व्हिकल, इंफैन्ट्री मोर्टार, रडार, मीडियम मशीन गन सहित विविध आर्टिलरी गन, इंफैन्ट्री हथियार एवं उपकरण, इंजीनियर उपकरण एवं इंजीनियर ब्रिज, रोबोटिक बम निरोधक उपकरण, माइन प्रोटेक्टेड व्हिकल, बाढ़ सहायता उपकरण, संचरक उपकरण, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण सहित सेना से जुड़े अन्य अत्याधुनिक साजो-सामान शामिल हैं।

मेले में सेना चिकित्सा कोर का एक आधुनिकीकृत मोबाइल चिकित्सा वाहन भी प्रदर्शित किया गया। इस मोबाइल चिकित्सा वाहन में प्राथमिक उपचार से जुड़ी दवाइयां, उपकरण एवं साजो-सामान प्रदर्शित किए गए।

मेले में स्कूली बच्चें न केवल हथियारों की जानकारियां हासिल कर रहे हैं, बल्कि आकस्मिक चिकित्सा एवं प्राथमिक उपचार से जुड़ी जानकारियों में भी वे रुचि दिखा रहे हैं।

मेले के दौरान ग्यारहवीं गोरखा राइफल्स के मिल्रिटी बैंड एवं सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के पाइपबैंड द्वारा मधुर देशभक्ति धुनंे प्रस्तुत की जा रही हैं। सेना ने मेला स्थल व भीड़ की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके तहत सेना के बम निरोधक दस्तों सहित दो-दो विस्फोटक एवं माइन खोजी कुत्ते भी लगाए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493