काकोरी बनेगा पर्यटन स्थल : अमित शाह

काकोरी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि पिछले 70 सालों में देश काफी आगे बढ़ा है। आजादी के लिए जिन सपूतों ने अपने जीवन और परिवार का बलिदान दिया, उनको याद करने में कहीं न कहीं चूक हो रही है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल हो गए हैं, लेकिन काकोरी उपेक्षित रहा। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी से सफिारिश करूंगा कि काकोरी को पर्यटन स्थल बनाएं, ताकि आगे वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।”

गुजरात के नरनपुरा से विधायक अमित शाह ने शनिवार को काकोरी शहीद स्मारक में आयोजित ‘आजादी के 70 साल, याद करो कुर्बानी’ कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं। शाह शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य ने उनका अमौसी एयरपोर्ट पर स्वागत किया।

शहीद स्मारक पहुंचकर शाह ने स्वतंत्रता सेनानी पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, रोशन सिंह व राजेंद्र नाथ लाहिड़ी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम के बाद वह पार्टी सांसद कौशल किशोर के घर भी गए।

उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वालों ने सोचा था कि भारत माता स्वाधीन हो जाए। देश आजाद हुआ, लेकिन 70 साल में से 60 साल तक कांग्रेस की सरकार रही। एक ही परिवार ने 60 साल तक राज किया।

शाह ने कहा कि उप्र में आज भी लोगों के पास न रोटी है, न गांवों में बिजली है और न युवाओं के पास रोजगार। क्या इसी दिन के लिए आजादी के दीवानों ने बलिदान दिया था। काकोरी की घटना में ट्रेन के अंदर खजाना लूटा गया था। ये खजाना देश को आजाद कराने के लिए लूटा गया था। उन्होंने परिवार की चिंता किए बिना बहुत बड़ा पराक्रम किया।

अमित शाह ने कहा कि उप्र के विकास के बिना देश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि बसपा व सपा सरकार के रहते न यहां का विकास हो सकता है और न कानून व्यवस्था सुधर सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493