धर्मेद्र प्रधान ने रायपुर में किया उज्ज्वला योजना का शुभारंभ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण, सम्मान एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ऐतिहासिक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी योजना शुरू की, जिससे पेट्रोलियम सेक्टर भी गरीबों के लिए खुल गया। देश के गरीब तबके की महिलाओं को आजादी के 70 साल बाद धुएं और उससे होने वाली बीमारी से आजादी दिलाने में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री प्रधान की सराहनीय भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत देश के पांच करोड़ महिलाओं के जीवन में खुशहाली आएगी। महिलाओं को ईंधन के लिए लकड़ी बीनने खातिर दूर-दूर तक जंगलों में जाने और धुएं से होने वाली श्वसन संबंधी बीमारी से मुक्ति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगले दो वर्षो में 25 लाख परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन दिए जाने से जंगलों को बचाकर प्रदेश को हरा-भरा बनाने में मदद मिलेगी और 12 करोड़ पेड़ कटने से बच जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह एवं पेट्रोलियम राज्यमंत्री प्रधान ने मंच से जमुना बाई निषाद और सहोदरा बाई निषाद सहित 15 महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर व चूल्हा प्रदान कर प्रदेश में इस योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्य शासन एवं ऑयल कंपनियों द्वारा रायपुर और दुर्ग संभाग की पांच हजार महिलाओं को गैस कनेक्शन का वितरण किया गया।

धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में केंद्र के बराबर वित्तीय साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य है। इसके लिए उन्होंने रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि एक रसोई गैस कनेक्शन लेने में लगभग 3200 रुपये खर्च आता है। केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 1600-1600 रुपये एक रसोई गैस कनेक्शन पर खर्च किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दो बर्नर वाला गैस चूल्हा एवं सिलेंडर की प्रथम रीफिल दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सिलेंडर, रेग्युलेटर और पाइप दिया जा रहा है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ में आगामी दो वर्षों में 25 लाख गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ में 100 में से 75 परिवारों के पास रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध होगा।

पेट्रोलियम मंत्री ने छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में सहकारी समितियों के माध्यम से 50 नए गैस वितरण केंद्र खोलने तथा कोरबा, जांजगीर एवं तिल्दा में नए रिफीलिंग सेंटर तथा 200 करोड़ रुपये की लागत से रायपुर एवं कोरबा में नए बॉटलिंग प्लांट प्रारंभ करने की घोषणा भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493