नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने रविवार को सभी राजधानीवासियों को 70वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवैधानिक आदर्शो के अनुरूप आचरण करने का अनुरोध किया।
जंग ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “हमें संविधान में वर्णित आदर्शो पर चलना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हम इस दिन उन सभी लोगों को याद करते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने हमें आजादी दिलाने में अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। आइए इस अवसर पर हम पहले से अधिक ईमानदारी, समर्पण और सच्चाई के साथ देश की सेवा करने का शपथ लें।”
उन्होंने लोगों को अच्छा नागरिक बनकर उदाहरण पेश करने के लिए प्रेरित किया और साथ ही जाति, वर्ग, लिंग, समुदाय या धर्म से ऊपर उठते हुए सभी देशवासियों के साथ सम्मानजनक और गरिमा के साथ व्यवहार करने की जरूरत पर बल दिया।
नजीब जंग ने राजधानीवासियों से समाज के सभी वर्गो के बीच बंधुत्व, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देने का अनुरोध भी किया।
dharmpath.com dharmpath