भुवनेश्वर, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस का समारोह देशभक्ति के पूरे उत्साह से भरे माहौल में सोमवार को यहां मनाया गया। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महात्मा गांधी मार्ग पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों सहित करीब 64 सैन्य दलों ने मार्च परेड में भाग लिया। आंध्र प्रदेश के दो दलों ने भी परेड में हिस्सा लिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जमा लोगों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया।
पटनायक ने कहा कि जब देश में विकास का संदर्भ दिया जा रहा है, ओडिशा ने देश में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। राज्य में लोगों के लिए कई तरह के विकास की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और गरीबी घटी है।
पटनायक ने कहा कि मधु बापू पेंशन योजना में तीन लाख अतिरिक्त लाभार्थियों को सोमवार को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि उड़िया को राज्य की आधिकारिक भाषा बनाए जाने के कदम भी उठाए गए हैं।
पटनायक के संबोधन में महानदी के पानी का मुद्दा भी रहा। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की अंतर्राज्यीय नदियों पर एकतरफा अधिकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा, “अंतर्राज्यीय नदियों पर एकतरफा अधिकार के तहत कोई कार्य नहीं होना चाहिए। इस पर विचार नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि राज्य सरकार पानी के मामले को प्रभावी तौर पर सुलझाने का कार्य कर रही है।”
पटनायक ने कहा कि रियो ओलंपिक 2016 में ओडिशा की छह लड़कियों का भाग लेना राज्य के लिए गर्व की बात है।
पुलिस ने कहा कि 70वें स्वतंत्रता दिवस के शांतिपूर्ण समारोह के लिए सुरक्षा-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
dharmpath.com dharmpath