महाराष्ट्र ने स्वतंत्रता दिवस पर दिखाई देशभक्ति

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र ने सोमवार को हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ 70वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।

राज्यभर में आयोजित कई रंगारंग कार्यक्रमों में स्कूल एवं कॉलेज के छात्रों, नागरिकों, राजनीतिक नेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुणे में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यपाल सी.वी.राव ने ध्वजारोहण किया। पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने उन्हें सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया।

स्वाधीनता दिवस पर एक अन्य कार्यक्रम मुंबई स्थित मंत्रालय में आयोजित हुआ, जहां राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने राष्ट्रीय झंडा फहराया और सुरक्षा बलों की सलामी ली। बाद में उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।

फड़णवीस ने अपने भाषण में स्वतंत्रता आंदोलन और उन स्वतंत्रता सेनानियों की सेवाओं और शहीदों के बलिदान को याद किया, जिनकी बदौलत देश ब्रिटिश शासन से आजाद हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई कई परियोजनओं पर प्रकाश डाला।

मुंबई के स्कूलों और कॉलेजों में भी ध्वजारोहण और परेड के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए, जिनमें लाखों छात्रों ने भाग लिया।

भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, शिवसेना और अन्य, उनके छात्र एवं युवा संगठनों समेत विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए।

राज्य के सभी जिलों में उत्साहपूर्वक स्वाधीनता दिवस समारोह मनाया गया, जिसमें मंत्रियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, छात्र संगठनों और सभी समुदाय के लोगों ने शिरकत की।

नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वयं सेवकों की सलामी ली। बाद में उन्होंने कार्यकताओं को संबोधित किया।

शांतिपूर्ण ढंग से स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने मुंबई, पुणे, नागपुर, औरंगाबाद, नासिक समेत राज्य के सभी शहरों में सुरक्षा का कड़ा प्रबंध किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493