पुणे, 18 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी टीम एफसी पुणे सिटी ने लीग के आगामी सत्र के लिए मेक्सिको के स्ट्राइकर अनिबाल जुडरे रॉड्रिगेज के साथ करार किया है।
फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को इस बात की घोषणा की।
33 वर्षीय रॉड्रिगेज आईएसएल में इस साल पदार्पण करेंगे। रॉड्रिगेज ने स्पेन के फुटबाल क्लब एटलेटिको मेड्रिड के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।
उनका कहना है कि वह अपने नए परिवार पुणे सिटी से जुड़ने को उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि इस क्लब के साथ जितने लोग जुड़े हैं मैं उनके साथ अच्छा रिश्ता कायम कर पाऊंगा। मेरे करियर में यह नई पारी है। मैं पुणे सिटी को खिताब दिलाने की पूरी कोशिश करूंगा।”
क्लब के मुख्य कोच एंटोनिओ हाबास ने जुडरे के क्लब से जुड़ने पर खुशी जताई है।
हाबास ने कहा, “रॉड्रिगेज शानदार स्ट्राइकर हैं। उनकी तेजी और उनकी पूरी योग्यता का मैं कायल हूं। मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”
dharmpath.com dharmpath