नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। देश भर में सड़क दुर्घटनाओं, यातायात नियमों का उल्लंघन और रोड रेज की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस साल विश्व फोटोग्राफी दिवस पर शुक्रवार से तीन दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली से नोएडा को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे डीएनडी फ्लाईवे पर आयोजित प्रदर्शनी का थीम ‘सड़क सुरक्षा और जागरूकता’ रखा गया है।
नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड (एनटीबीसीएल) ने डीएनडी फ्लाईवे और नोएडा के प्रीमियर एजुकेशनल इंस्टीट्यूट गलगोटिया यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर तीन दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया है। एनटीबीसीएल ने 19 से 21 अगस्त के दौरान अपने यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए इनोवेटिव और विजुअल तस्वीरों के जरिए सुरक्षा का संदेश देना चाहती है, जिससे उनके बीच यातायात नियमों की समझ भी बढ़े।
प्रदर्शनी के लिए यूनिवर्सिटी के विभिन्न संकायों और विभागों के छात्रों द्वारा किए गए आवेदनों में से सबसे बेहतरीन पांच तस्वीरों को चुना गया। सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफर को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए जबकि फस्र्ट और सेकेंड रनरअप को भी पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए गए।
एनटीबीसीएल के सहायक उपाध्यक्ष अनवर अब्बासी ने इस अवसर पर कहा, “गलगोटियाज यूनिवर्सिटी के छात्रों की रचनात्मकता और उत्साह को देखकर बेहद अभिभूत हूं। उन्होंने हमारे यात्रियों के बीच सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में इनोवेटिव तरीकों से जागरूकता बढ़ाने के लिए अपना समर्थन दिया।”
इस सहयोग के बारे में गलगोटियाज यूनिवर्सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव गलगोटिया ने बताया, “डीएनडी फ्लाईवे के साथ इस साझेदारी ने हमारे छात्रों को उनके कौशल व रचनात्मकता का इस्तेमाल करने के लिए आदर्श माहौल दिया है। ये रचनात्मक तस्वीरें न सिर्फ दिखने में अच्छी हैं बल्कि सामाजिक तौर पर प्रासंगिक भी हैं।”
dharmpath.com dharmpath