शराबबंदी गोपालगंज हादसे का मुख्य कारण : रघुवंश प्रसाद

पटना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। शराबबंदी के पीछे पड़े बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि गोपालगंज की घटना का मुख्य कारण राज्य में लागू शराबबंदी है। उन्होंने कहा कि ‘अनाप-शनाप कानून’ का जनता समर्थन नहीं करेगी।

गोपालगंज हादसे के विषय में पूछे जाने पर सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में शराबबंदी लागू होने के बाद से लोग चोरी-छिपे शराब बना रहे हैं और बेच रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अनाप-शनाप कानून बनाने से शराबबंदी नहीं होगी, इसके लिए लोकमत मजबूत करना होगा।”

बुजुर्ग नेता रघुवंश ने कहा कि शराबबंदी ही जहरीली शराब की वजह बन गई है। राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद लोग जैसे-तैसे शराब बना रहे हैं और बेच रहे हैं। पाबंदी के बाद भी चोरी-छिपे हर जगह शराब बेची जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रघुवंश इससे पहले भी शराबबंदी के लिए बने कठोर कानूनों को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

बिहार में इसी साल अप्रैल से शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लागू है। गोपालगंज में हुए हादसे के सिलसिले में 25 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493