लखनऊ, 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर चूहों के आंतक से रेलवे विभाग काफी परेशान है।
चूहों की वजह से हो रहे लाखों रुपये के नुकसान से बचने के लिये अब रेलवे ने इन्हें मारने के लिए एक निजी कंपनी को 4.76 लाख रुपये का ठेका दिया है।
यह कंपनी जल्दी ही अपना काम शुरू करेगी।
रेलवे के एक अधिकारी का कहना है कि पिछले एक वर्ष में प्लेटफॉर्म पर मौजूद विक्रेताओं को इनसे लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चूहों ने रेलवे के दस्तावेजों को भी कुतर दिया है।
गौरतलब है कि तीन वर्षो में दूसरी बार इन्हें मारने के लिए किसी कंपनी को ठेका दिया गया है। यात्री भी चूहों से परेशान हैं।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर दुकान चलाने वाले एक विक्रेता हरिओम त्रिपाठी का कहना है कि इनके बिल इतने बड़े हैं कि ये प्लेटफार्म नंबर 2 से घुसते हैं तो 5 से निकलते हैं। इसलिए इन्हें यहां से हटा पाना बेहद मुश्किल हो रहा है।
इस संदर्भ में रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अजित कुमार सिन्हा का कहना है कि हमने एक निजी कंपनी को चूहे मारने का ठेका दिया है लेकिन इसके लिए कोई समयसीमा नहीं है।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में कंपनी अपना काम शुरू कर देगी।
dharmpath.com dharmpath