मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील में जारी 31वें ओलम्पिक खेलों में महिलाओं की बैडमिंटन एकल स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी.सिंधु को मेगास्टार अमिताभ बच्चन, श्रीदेवी, करन जौहर और ऋषि कपूर सहित बॉलीवुड के कई सितारों ने बधाई दी।
रियोसेंटर पवेलियन-4 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत की 21 वर्षीया खिलाड़ी सिंधु को विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी मारिन से 21-19, 12-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने रजत पदक पर कब्जा जमाया।
सिंधु को भारतवासी ‘गोल्डन गर्ल’ कह रहे हैं, क्योंकि उन्होंने देश को अपने बेहतरीन प्रदर्शन से गौरवांन्वित किया है।
अमिताभ ने कहा, “देखिए सिंधु आपने क्या किया है। देश के 1.25 अरब लोग आपका गुणगान कर रहे हैं। यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं। आप पर गर्व है। आपने अपने दिल से खेला। भारत को आप पर गर्व है। जीत का जश्न मनाने का अवसर देने के लिए शुक्रिया।”
महेश भट्ट ने कहा, “सिंधु ने इतिहास रचा है। महिला शक्ति का दबदबा।”
सिंधु की सफलता से खुश श्रीदेवी ने कहा, “आपको इस उपलब्धि पर बधाई। आपने हम सब भारतीयों को गौरवांन्वित किया है।”
अनुपम खेर ने कहा, “सिंधु के रजत पदक जीतने की खबर सुनकर वापस मुंबई आ गया। साक्षी और सिंधु के साथ सेल्फी लेकर काफी गर्व महसूस होगा।”
करन ने लिखा, “भारत की ‘गोल्डन गर्ल’। सिंधु को जीत की बधाई। आज सब भारतीयों का दिल गर्व से फूले नहीं समा रहा।”
ऋषि ने कहा, “जीतो रियो। भगवान आपको खुश रखे। सिंधु।”
फरहान अख्तर ने कहा, “बधाई हो। आपके लिए काफी खुश हूं। यह रजत पदक जीतना तो केवल शुरुआत है।”
रिचा चड्ढा ने कहा, “आपने स्वर्ण पदक नहीं खोया। आपने रजत पदक जीता है।”
ऋतिक रोशन ने अपने बयान में कहा, “मैं अपनी सीट पर सट के बैठा हुआ था। क्या मुकाबला था और क्या खिलाड़ी थीं। आपने हम सबका दिल जीत लिया है।”
सिंधु को बधाई देते हुए वरुण धवन ने कहा, “पूरे देश के लिए सिंधु इतनी बड़ी खुशी की खबर लेकर आई हैं। कड़ी मेहनत और लगन का फल हमेशा मिलता है। आपसे बहुत कुछ सीखना है।”
भारत के लिए रियो ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु को सिद्धार्थ मल्होत्रा, आलिया भट्ट, हुमा कुरैशी, अदिति राव हैदरी, अर्जुन कपूर, दिया मिर्जा आदि कई सितारों ने भी बधाई दी।
dharmpath.com dharmpath