इस्लामाबाद, 20 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तानी प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने चमन स्थित मैत्री द्वार पर हमला कर दिया और पाकिस्तानी ध्वज जला दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के साथ सटी अपनी सीमा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी है।
घटना गुरुवार शाम की है। इसके परिणास्वरूप दोनों देशों के बीच व्यापार लदान में शामिल और अफगानिस्तान में नाटो बलों को जरूरी सामान की आपूर्ति करने वाले ट्रकों की आवाजाही रुक गई है।
सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि अपने देश का 97वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे अफगानी नागरिक बड़ी संख्या में सीमा पार स्पिन बोल्दक शहर की सड़कों पर मार्च करने के बाद मैत्री द्वार के पास एकत्रित हुए थे।
उनके हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर पाकिस्तान विरोधी नारे लिखे थे।
अफगानी प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मैत्री द्वार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और इमारत की खिड़कियां तोड़ दीं।
बलूचिस्तान को लेकर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के बाद लौट रहे पाकिस्तानियों को देखकर अफगान प्रदर्शनकारियों ने गेट पर हमला कर दिया।
फ्रंटियर कॉर्प्स के कर्मियों ने संयम बरतते हुए अफगान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की।
अफगानी प्रदर्शनकारियों ने मैत्री द्वार के पास खड़े एक पाकिस्तानी प्रदर्शनकारी से राष्ट्रीय ध्वज छीन कर उसमें आग लगा दी।
अफगानी प्रदर्शनकारियों ने द्वार से जबरन घुसने की भी कोशिश की, जिसे अफगानियों की रैली के कारण पहले ही बंद कर दिया गया था।
मैत्री द्वार पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा, “अफगानिस्तान के साथ सटी सीमा अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगी। हम तब तक गेट नहीं खोलेंगे, जब तक हमें हाई कमान से ऐसा आदेश नहीं मिलेगा।”
हर रोज 10,000 से 15,000 पाकिस्तानी और अफगानी व्यापारी चमन और वेश मंडी पार कर व्यापार के सिलसिले में सीमावर्ती शहरों में जाते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद से सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
dharmpath.com dharmpath