वाशिंगटन, 21 अगस्त (आईएएनएस)। वाशिंगटन में एक रेस्तरां के बाहर एक अंतर्जातीय जोड़े को एक-दूसरे को चूमते देखकर एक स्वयंभू श्वेत श्रेष्ठवादी ने उन पर छुरे से प्रहार किया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
अमेरिकी टीवी चैनल सीएनएन के अनुसार, ओलंपिया पुलिस की महिला प्रवक्ता लारा वोल ने शुक्रवार को कहा कि डेनियल रोवे (32) अफ्रीकी मूल के अमेरिकी व्यक्ति और श्वेत महिला के पास आया और बिना कुछ कहे उन पर छुरे से हमला करना शुरू कर दिया।
जिस व्यक्ति के नितंब में छुरा घोंपा गया वह हमलावर से निपटने में कामयाब हुआ और पुलिस के आने तक उसे जमीन पर पटके रखा। वह और महिला मामूली रूप से घायल हुए हैं।
वोल ने कहा कि संदिग्ध ने जोड़े पर छुरा से हमला करना स्वीकार कर लिया और कहा कि वह श्वेत श्रेष्ठवादी है।
अमेरिकी टीवी चैनल सीएनएन के अनुसार, वोल ने कहा, “संदिग्ध ने श्वेत श्रेष्ठवाद का दावा किया और कई बार नस्लभेदी बातें कहीं। “
जांचकर्ताओं ने हमले को एक घृणा अपराध माना है और आरोपी पर हमले और वाशिंगटन राज्य के घृणा अपराध कानून के तहत दुर्भावनापूर्ण उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
सीएनएन टीवी ने कहा कि रोवे को थर्स्टन जिले की जेल में रखा गया है और उस पर पांच लाख डॉलर की जमानत लगाई गई है।
dharmpath.com dharmpath