लॉस एंजेलिस, 21 अगस्त (आईएएनएस)। संगीतकार फिल कॉलिन्स ने कहा कि शराब के सेवन की वजह से वह वह मौत के बेहद करीब पहुंच गए थे।
65 वर्षीय इस संगीतकार ने ‘आई एम नॉट डेड येट’ किताब लिखी है। इसमें उन्होंने शराब से अपनी जंग के बारे में लिखा है।
समाचार पत्र ‘द न्यूयार्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कॉलिन्स ने कहा, “यह किताब ईमानदारी से लिखी गई है, यह खुद की कमियों से संघर्ष करने के बारे में है।”
कॉलिन्स ने कहा, “मैं अपनी जिम्मेदारियों से भाग नहीं रहा हूं। आप शराब पीना शुरू करते है और फिर बहुत ज्यादा पीने लगते हैं, जिससे आपके शरीर को नुकसान होता है। मैं मौत के बेहद करीब आ गया था।”
14 वर्षीय निकोलस और 11 वर्षीय मैथ्यू के पिता कॉलिन्स का साल 2008 में अपनी तीसरी पत्नी ओरिएन सेवी से तलाक हो गया था, लेकिन इस साल के शुरुआत में दोनों फिर एक हो गए।
कॉलिन्स कहते हैं, “मुझे उसके पास वापस आकर अच्छा लग रहा है। हम कभी भी अलग नहीं होना चाहते थे, फिर भी हम अलग हुए। लेकिन, हम हमेशा एक-दूसरे के संपर्क में रहे। हमारे बीच इतनी समझ थी, हम बच्चों की खातिर हमेशा करीब रहे।”
कॉलिन्स के अनुसार, “हमने ऐसा रास्ता नहीं चुना जैसा आमतौर पर जोड़े करते हैं। यह दिख भी रहा है क्योंकि हम फिर से साथ हैं। अपनी मां के पास पिता के वापस आ जाने से बच्चे भी खुश हैं।”
dharmpath.com dharmpath