रियो डी जनेरियो, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने ब्राजील की मेजबानी में चल 31वें ओलम्पिक खेलों के समापन समारोह की पूर्व संध्या पर कहा कि रियो ने ओलम्पिक खेलों का पूर्ण ‘प्रतिष्ठित’ अंदाज में आयोजन किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शनिवार को ओलम्पिक समिति के अध्यक्ष ने एथलीटों के शानदार प्रदर्शन तथा बेहतरीन आयोजन स्थलों की सराहना की और ओलम्पिक खेलों में पहली बार शामिल किए गए शरणार्थी ओलम्पिक दल का विशेष रूप से उल्लेख किया।
बाख ने कहा, “हमने एथीलीटों के शानदार प्रदर्शन को देखा। हमने माइकल फेल्प्स और उसेन बोल्ट जैसे दिग्गज एथलीटों को उनके स्तर को और भी बेहतर और मजबूत बनाते देखा।”
उन्होंने कहा, “सभी खेलों में खेल का स्तर काफी ऊंचा था और मैं एथलीटों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं, क्योंकि वही सही मायने में ओलम्पिक खेलों की आत्मा हैं।”
बाख ने कहा, “यह तभी संभव है, जब आपके पास बेहतरीन आयोजन स्थल उपलब्ध हों। कोपाकबाना समुद्रतट के बारे में बात करने की जरूरत नहीं। वेलोड्रोम जैसे नए स्थल भी काफी शानदार रहे। रियो ओलम्पिक खेलों से पहले जिस प्रकार के हालात थे और वर्तमान में हैं, उसमें 31वें ओलम्पिक खेलों के आयोजन को ‘प्रतिष्ठित’ माना जाएगा।”
बाख ने आगे कहा, “इन खेलों के आयोजन से आईओसी ने इस बात को साबित कर दिया है कि वह जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) रैंकिंग में शीर्ष स्तर पर शामिल न रहने वाले देशों में भी ओलम्पिक खेलों का सफल आयोजन कर सकता है।”
गौरतलब है कि रियो को 2009 में जब दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में पहली बार ओलम्पिक खेलों की मेजबानी मिली तब उनकी अर्थव्यवस्था तेजी पर थी, लेकिन ब्राजील के मौजूदा आर्थिक हालात काफी खस्ताहाल हैं। कई कारणों से इन खेलों की तैयारियों में देरी भी हुई, लेकिन मेजबान के प्रयासों को सभी ने सराहा है।
ब्राजील ने ओलम्पिक खेलों की सुरक्षा के लिए 85,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया, जो बीजिंग और लंदन ओलम्पिक में तैनात सुरक्षा बलों से दोगुना है।
dharmpath.com dharmpath