हैदराबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना सरकार ने रविवार को रियो ओलम्पिक की व्यक्तिगत वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं भारतीय जिम्नास्ट दीपा कर्माकर को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि दीपा 52 वर्षो में भारत की ओर से ओलम्पिक खेलों की जिम्नास्टिक स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली पहली खिलाड़ी बनीं और उन्होंने ऐसा कर इतिहास रच दिया।
उल्लेखनीय है कि दीपा फाइनल में मामूली अंकों के अंतर से कांस्य पदक से चूक गईं। दीपा ने 15.006 अंक हासिल किए और वह कांस्य पदक विजेता रहीं स्विट्जरलैंड की जिम्नास्ट गियुलिया स्टीनग्रबर (15.216) से सिर्फ 0.15 अंक पीछे रहीं।
राव ने कहा कि रियो ओलम्पिक में दीपा का बेहतरीन प्रदर्शन प्रेरणा प्रदान करने वाला रहा और महिलाओं का जीवन के हर क्षेत्र में समर्थन करने की जरूरत है और पूरे देश को उनके पीछे खड़े होना चाहिए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रियो ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाली हैदराबाद निवासी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु के लिए पांच करोड़ रुपये की भारी भरकम पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा कर चुके हैं। इसके अलावा वह रियो से कांस्य पदक लेकर लौटीं हरियाणा की पहलवान साक्षी मलिक को भी एक करोड़ रुपये पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath