जयपुर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजु ने कहा है कि भारतवर्ष आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिकतम टेक्नोलाजी और अत्याधुनिक उपकरणों तथा आपदा प्रबंधन विधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सरकार इसके लिए विभिन्न ठोस प्रयासों को अमल में ला रही है।
उदयपुर में होने वाला दो दिवसीय ब्रिक्स मंत्रियों का सम्मेलन ब्रिक्स देशों में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई रफ्तार देने वाला सिद्ध होगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने उदयपुर में दो दिवसीय ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन एवं दक्षिण अफ्रीका) के मंत्रियों के सम्मेलन से पूर्व रविवार शाम उदयपुर के उदयविलास होटल में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता संभालने के बाद से ही आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतरी लाने के लिए हरसंभव प्रयासों को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न स्थानों पर अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थितियों को देखते हुए बाढ़ राहत एवं बचाव को आपदा प्रबन्धन के अन्तर्गत विशेष प्राथमिकता दी जा रही है और आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी संस्थानों की सभी प्रकार की क्षमताओं के संवर्धन के लिए भरसक कोशिशें जारी हैं और इनका अच्छा प्रभाव भी सामने आ रहा है।
रिजिजु ने उदयपुर में ब्रिक्स देशों के मंत्रियों के सम्मेलन को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां देने वाला बताया और कहा कि ब्रिक्स में पांच बड़े देश शामिल हैं, जिनमें दुनिया की जनसंख्या का 40 फीसदी हिस्सा आता है।
उन्होंने कहा कि उदयपुर सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के बीच आपदा प्रबन्धन के सभी पक्षों पर विस्तृत चर्चा होगी और तकनीकए विज्ञान और आधुनिकतम ज्ञान का आदान-प्रदान होगा। चीन की भूकंप प्रबंधन एवं रूस की आग बुझाने जैसी तकनीकों के आदान-प्रदान के जरिए ब्रिक्स देशों को आपदा प्रबंधन के सभी क्षेत्रों में समृद्ध करने और चुनौतियों से बेहतर ढंग से निपटने की तकनीक को आत्मसात करने का प्रयास किया जाएगा।
ब्रिक्स देशों द्वारा किए गए श्रेष्ठ कार्यो के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा रिजिजु को डिजास्टर चैंपियन घोषित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त किए जाने पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने इसके लिए देश की आपदा प्रबंधन टीम को श्रेय दिया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के महानिदेशक ओपी सिंह, एनडीएमएम के सदस्य, कमल किशोर, आरके जैन एवं लेफ्टिनेंट जनरल एनसी मरवाह, प्रमुख शासन सचिव रोहित कुमार, जिला कलक्टर रोहित गुप्ता, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अविचल चतुर्वेदी आदि अधिकारी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath