निर्भया दुष्कर्म के दोषी ने की आत्महत्या की कोशिश

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को हुए निर्भया सामूहिक दुष्कर्म के अपराध में सजा काट रहे चार आरोपियों में से एक विनय शर्मा ने तिहाड़ जेल में आत्महत्या करने की कोशिश की।

उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विनय को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने बुधवार रात को कुछ गोलियां खा ली थी और उसके बाद फांसी लगाने की कोशिश की।

अस्पताल से जुड़े अधिकारी ने बताया कि उसे रात 12.02 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विनय के वकील ए.पी.सिंह का कहना है कि यह आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का प्रयास है।

सिंह ने आईएएनएस को बताया, “मैंने कुछ दिन पहले उससे जेल में मुलाकात की थी। उसने जेल में उसके साथ हो रहे उत्पीड़न के बारे में शिकायत की थी।”

दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को चलती बस में 23 वर्षीया छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के लिए विनय शर्मा, मुकेश, पवन, अक्षय ठाकुर, राम सिंह सहित एक नाबालिग दोषी ठहराया गया था।

इस अपराध का मुख्य आरोपी राम सिंह 2013 में तिहाड़ जेल में मृत पाया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493