नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने गुरुवार को रियो ओलम्पिक में भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए एक विशेष समीक्षा समिति गठित करने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह संपन्न हुए रियो ओलम्पिक में भारत के 12 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया, लेकिन वे एक भी पदक हासिल करने में असफल रहे।
एनआरएआई ने कहा है कि वे बिल्कुल ठंडे दिमाग से लेकिन बेहद सख्ती से भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे और इस असफलता की वजह जानने की कोशिश करेंगे।
इसके अलावा समिति एनआरएआई को अपनी सिफारिशें भी देगा ताकि एनआरएआई तत्काल ऐसा कदम उठा सके जिससे कि भविष्य में ओलम्पिक में ऐसा न हो।
एआरएआई के अध्यक्ष रणिंदर सिंह को महासंघ के संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार के तहत ही इस समिति का गठन किया गया है।
रियो ओलम्पिक में ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता रह चुके अभिनव बिंद्रा पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जरा सा अंतर से पदक से चूक गए, जबकि जीतू राय फाइनल में प्रवेश करने वाले भारत के मात्र दूसरे निशानेबाज रहे।
अन्य सभी निशानेबाज क्वालिफिकेशन राउंड से ही बाहर हो गए।
रियो ओलम्पिक के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके बिंद्रा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
एनआरएआई के वक्तव्य के अनुसार, “ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले किसी निशानेबाज से पूछताछ या किसी के खिलाफ या उसके पक्ष में मिले तथ्यों के मामले में समिति के अध्यक्ष को हितों के टकराव की स्थिति में या स्वत: उनकी इच्छा से जांच की प्रक्रिया से अलग रखा जाएगा। हालांकि बिंद्रा समिति के शेष सदस्यों के समक्ष खुद से पूछताछ के लिए अनुरोध कर सकते हैं।”
एनआरएआई ने अपने आदेश में आगे कहा है, “इस तरह के विशेष मामले में समिति के शेष सदस्य संयुक्त रूप से कार्यवाही करेंगे, जिसमें बहुमत का पक्ष मान्य होगा।”
समिति के अन्य सदस्यों में खेल प्रशासक मनीषा मल्होत्रा, एआरएआई के सचिव राजीव भाटिया और खेल पत्रकार दिग्विजय सिंह देव और कामेश श्रिनिवासन शामिल हैं।
समिति के सदस्यों को खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले व्यापक कारकों की पड़ताल करने का अधिकार प्रदान किया गया है।
इसके अलावा एनआरएआई की समीक्षा समिति को आदेश जारी होने के चार सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट एनआरएआई अध्यक्ष को सौंपने के लिए कहा गया है।
समिति संभवत: 30 या 31 अगस्त को पहली बैठक करेगी और उन्हें इस कार्य के लिए उपलब्ध सभी प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल की इजाजत दी गई है।
dharmpath.com dharmpath