नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय फुटबाल टीम के मुख्य कोच स्टीफेन कोंस्टैनटाइन ने प्योटरे रिको के खिलाफ आगामी दोस्ताना मैच के लिए गुरुवार को 28 सदस्यीय संभावित भारतीय टीम की घोषणा कर दी।
प्योटरे रिको के खिलाफ भारतीय टीम तीन सितंबर को मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दोस्ताना मैच खेलेगी।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार, यह मुंबई में पूरे 61 वर्षो के बाद कोई आधिकारिक अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल मैच होगा। इससे पहले सोवियत रूस के खिलाफ भारतीय टीम ने मुंबई में आखिरी बार 1955 में अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था।
उत्तर, मध्य अमेरिका और कैरेबियाई संघ (कोन्कैकाफ) की कोई टीम भी पहली बार भारत में आधिकारिक तौर पर खेलने आ रही है।
प्योटरे रिको फीफा की विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर है, जबकि भारत 152वें स्थान पर।
आईएएफएफ की ओर से जारी वक्तव्य में कोंस्टैनटाइन के हवाले से कहा गया है, “महाराष्ट्र वासियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण मैच है, क्योंकि लंबे अंतराल के बाद मुंबई में कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच हो रहा है। मुंबई हमेशा की तरह अपने फुटबाल प्रेम के लिए जानी जाती है और मुझे उम्मीद है कि मुंबई के खेल प्रेमी इस मैच में हमारा समर्थन करने जरूर आएंगे। हमारे लिए समर्थन करने वाली बड़ी भीड़ का होना अहम होगा।”
कोंस्टैनटाइन ने कहा, “भारतीय टीम को मुंबई में अपार समर्थन मिलने की उम्मीद है। व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि देश के सभी महानगरों को अपनी राष्ट्रीय टीम को समर्थन देने के लिए तैयार रहना चाहिए।”
कोंस्टैनटाइन ने बताया कि संभावित टीम के लिए चयनित सभी खिलाड़ी 28 अगस्त को अभ्यास शिविर पर पहुंचेंगे और अभ्यास अगले दिन से शुरू होगा।
भारतीय संभावित दल -:
गोलकीपर : सुब्रत पॉल, गुरप्रीत सिंह संधु, अमरिंदर सिंह
डिफेंडर : रिनो एंटो, संदेश झिंगन, अर्णब मोंडल, कीगन परेरा, चिंगनेसाना सिंह, प्रीतम कोटाल, नारायण दास, फुल्गांको कोडरेजो
मिडफील्डर : विनीत राय, यूजेनसन लिंगदोह, धनपाल गणेश, प्रनॉय हालदर, जैकीचंद सिंह, इजाक वानमलस्वमा, बिकाश जैरू, उदांत सिंह, हालिचरण नरजारी, राओलिन बोर्गेस, एल्विन जॉर्ज, जर्मनप्रीत सिंह, मोहम्मद रफीक, अर्जुन टुडू
फॉरवर्ड : सुनील छेत्री, जेजे लालपेख्लुआ, सुमीत पासी
dharmpath.com dharmpath