भोपाल, 25 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की दो दिवसीय समन्वय बैठक में शुरू हुई, जिसमें हिस्सा लेने के लिए देर शाम भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी पहुंचे।
विमान से भोपाल पहुंचे शाह की हवाईअड्डे पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने अगवानी की। शाह हवाईअड्डे से सीधे बैठक स्थल के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों के अनुसार, समन्वय बैठक भोपाल के शारदा विहार शैक्षणिक संस्थान में चल रही है, जिसमें राज्य के राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर सत्ता और संगठन के कार्यो की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति तैयार की जानी है।
इस बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह भैया जी जोशी, संघ के मध्य भारत, महाकौशल व मालवा के प्रतिनिधि, प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान, चार केंद्रीय मंत्री- नरेंद्र सिंह तोमर, अनिल माधव दवे, थावरचंद गहलोत, फग्गन सिंह कुलस्ते के अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन महामंत्री सुहास भगत और अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विचार-विमर्श चल रहा है। इसमें सत्ता और संगठन से जुड़े लोगों को संघ की ओर से खास निर्देश दिए जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath