शिवपुरी, 26 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने वाले भारतीय जनता पार्टी की शिवपुरी जिला इकाई के जिला मंत्री कपिल जैन को पद से हटा दिया गया है। उनसे 15 दिन में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय से कार्यालय मंत्री सत्येंद्र भूषण सिंह ने एक पत्र के माध्यम से जैन को उनके खिलाफ की गई कार्रवाई से अवगत कराया है। इस पत्र में कहा गया है, “पिछले दिनों आपके द्वारा सोशल मीडिया पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी की गई है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इस पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने आपको पद से मुक्त कर दिया है। साथ ही 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को भी कहा है।”
गौरतलब है कि बीते दिनों पवैया मंत्री बनने के बाद पहली बार शिवपुरी पहुंचे थे। संगठन नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया था। इसके बाद वाट्सएप ग्रुप पर जिला मंत्री कपिल जैन ने पवैया के खिलाफ कई आपत्तिजनक पोस्ट किए थे। इस पोस्ट में उच्च शिक्षा मंत्री को काफी भला-बुरा कहा गया था।
dharmpath.com dharmpath