पटना, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में जापान के राजदूत केंजी हीरामत्सु शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए चर्चित संस्थान सुपर 30 का दौरा किया और संस्थान के संस्थापक आनंद कुमार व छात्रों से मुलाकात की।
इस दौरान हीरामत्सु के साथ उनकी पत्नी पैट्रीसिया क्लारा हीरामत्सु और जापानी दूतावास के प्रथम सचिव रीयोसकी कामोनो भी मौजूद थे।
हीरामत्सु ने सुपर 30 के छात्रों से मिलने के बाद कहा, “जापान में सुपर 30 काफी लोकप्रिय है। मैं यहां आकर आंनद के काम को देख और समझकर काफी प्रभावित हुआ हूं। आज सुपर 30 के कारण ही गरीब बच्चे आईआईटी तक पहुंच पा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रतिभावन छात्रों के लिए तकनीकी शिक्षा पाने का जापान में काफी मौके हैं। टोक्यो विश्वविद्यालय सुपर 30 के छात्रों को पहले ही उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए आमंत्रित कर चुका है। इस संस्थान के अधिक से अधिक छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए जापान आना चाहिए।
इसी क्रम में छात्रों ने भी हीरामत्सु से कई सवाल किए, जिनका उन्होंने खुलकर जवाब भी दिए।
जापान के राजदूत के सुपर 30 पहुंचने से अभिभूत आंनद ने कहा कि ऐसे लोगों के संस्थान में आने से उनका मनोबल बढ़ता है।
उन्होंने कहा, “मैं टोक्यो विश्वविद्यालय के निमंत्रण पर जापान गया था और वहां के विकास को नजदीक से देखा है। आज सुपर 30 के दो छात्र टोक्यो विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। आने वाले एक-दो महीनों में और पांच छात्र टोक्यो विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने जाएंगे।”
उल्लेखनीय है कि जापान के एनएचके चैनल सुपर 30 पर एक फिल्म बना चुकी है। सुपर 30 में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आईआईटी प्रवेश परीक्षा की नि:शुल्क तैयारी कराई जाती है।
dharmpath.com dharmpath