कश्मीरी युवकों को उकसा रहा पाकिस्तान : महबूबा (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को पाकिस्तान पर राज्य में तनाव व हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कश्मीरी युवकों को पाकिस्तान और अलगाववादी नेता उकसा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद महबूबा ने कहा कि कश्मीर में युवक पाकिस्तान और अलगाववादी नेताओं के उकसावे पर सुरक्षाबलों तथा पुलिसकर्मियों पर हमले कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मैं पाकिस्तान से कहना चाहती हूं कि उसे यदि कश्मीरियों से वास्तव में कोई सहानुभूति है तो राज्य के लोगों को पुलिस थानों पर हमले के लिए उकसाएं नहीं, बल्कि युवकों को मारे जाने से बचाएं।”

प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के श्रीनगर दौरे के दो दिन बाद हुई है, जिस दौरान वह महबूबा सहित राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के अन्य लोगों से मिले थे।

उन्होंने कश्मीर में पिछले नौ जुलाई से ही जारी हिंसा व तनाव को दूर कर शांति बहाली के केंद्र सरकार के प्रयासों के प्रति संतोष व खुशी जताई।

महबूबा ने कहा कि वह खुश हैं कि केंद्र सरकार राज्य में शांति बहाली के लिए सभी पक्षों से बातचीत कर रही है।

उन्होंने कहा, “मुझे प्रधानमंत्री से बहुत उम्मीदें हैं।”

घाटी में बीते आठ जुलाई को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से ही तनाव व हिंसा व्याप्त है, जिसे देखते हुए नौ जुलाई को कर्फ्यू लगाया गया।

कश्मीर में जारी हिंसा में अब तक 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों घायल हो गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493