कश्मीर में कर्फ्यू, प्रतिबंध जारी

श्रीनगर, 27 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर में शनिवार को 50वें दिन भी कर्फ्यू और प्रतिबंध जारी हैं। वहीं, पिछले करीब दो माह के संघर्ष में मरने वालों की संख्या 72 हो गई है।

एक आतंकवादी ने शनिवार को ड्यूटी पर जाते वक्त पुलवामा जिले के कोइल गांव में एक पुलिस हवलदार खुर्शीद अहमद गनई की हत्या कर दी।

अनंतनाग जिले में संगम के पास झेलम नदी में शुक्रवार को छलांग लगाने वाले एक युवक का शव भी शनिवार को बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने युवक का शव लेकर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना दिया।

सुरक्षा बलों के साथ झड़प में शुक्रवार को पुलवामा जिले के हाल गांव में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

घाटी में आठ जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद नौ जुलाई से शुरू हुए हिंसक झड़प में अब तक करीब 11,000 लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें 7,000 नागरिक और 4,000 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।

पुलिस ने शनिवार को श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों, अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां, पल्हालन और अवंतीपुरा कस्बों में कर्फ्यू जारी रहेगा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “सीआरपीसी की धारा 144 के तहत घाटी के बाकी हिस्सों में प्रतिबंध लागू रहेंगे।”

अलगाववादी नेताओं सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारूक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें घर में नजरबंद रखा गया था, लेकिन इसकी अवहेलना करते हुए उन्होंने अलगाववादियों के साथ मार्च में शामिल होने की कोशिश की। हालांकि प्रशासन ने मार्च विफल कर दिया।

बंद के कारण सभी दुकानें, परिवहन और अन्य चीजें घाटी में ठप पड़ी हुई हैं। श्रीनगर तथा अन्य शहरों और कस्बों में बाजार कुछ घंटों के लिए खुलते हैं, ताकि लोग जरूरी चीजों की खरीदारी कर सकें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493