क्वींसलैंड, 27 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में चल रही चतुष्कोणीय प्रथम श्रेणी एकदिवसीय श्रृंखला में भारत-ए ने आस्ट्रेलियाई टीम नेशनल परफॉर्मेस स्क्वॉड को छह विकेट से हरा दिया।
इस जीत से भारतीय टीम को एक बोनस अंक सहित कुल पांच अंक मिले और वह अंकतालिका में शीर्ष पर बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
भारत-ए ने श्रेयष अय्यर (62) और केदार जाधव (नाबाद 93) की बेहतरीन पारियों के बल पर नेशनल परफॉर्मेस स्क्वॉड से मिली 208 रनों की चुनौती मात्र 38.2 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
सामान्य लक्ष्य के जवाब में हालांकि भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाजी मंदीप सिंह (4) तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर टॉम ओ डोनेल का शिकार हो चलते बने। करुण नायर (14) के रूप में भारतीय टीम का दूसरा विकेट भी जल्द ही 29 के कुल योग पर गिर गया।
ओ डोनेल ने 41 के कुल योग पर कप्तान मनीष पांडेय (10) के रूप में भारत की तीसरा झटका भी जल्द ही दे दिया। लेकिन इसके बाद अय्यर और जाधव ने 135 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से उबार लिया।
ओ डोनेल नेशनल परफॉर्मेस स्क्वॉड की ओर से विकेट हासिल करने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे और अय्यर के रूप में भारतीय टीम का चौथा विकेट भी उन्होंने ही चटकाया।
केदार को हालांकि इसके बाद टीम को जीत तक पहुंचाने में खास दिक्कत नहीं हुई और भारतीय टीम बिना एक भी छक्का लगाए बोनस अंक के साथ मैच जीतने में सफल रही।
केदार को उनकी नाबाद मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले, भारतीय टीम ने वरुण एरॉन (58/3) की अगुवाई में अपने गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलियायी टीम को बांधे रखा। नेशनल परफॉर्मेस स्क्वॉर्ड के लिए विकेटकीपर सैम हार्पर (72) और क्लिंट हिनक्लिफ (43) ही कुछ हद तक खुलकर शॉट खेल सके।
भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी के 10 ओवरों में सिर्फ 41 रन दिए और इस दौरान चार विकेट भी चटकाए।
भारतीय टीम की श्रृंखला में खेले गए पांच मैचों में यह तीसरी जीत है। एक में उन्हें हार झेलनी पड़ी, जबकि एक मैच बारिश के कारण अनिर्णित रहा था। इस जीत के साथ भारत-ए का फाइनल में पहुंचना तय है। फाइनल मैच चार सितंबर को खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath