मोदी ने हर वर्ग के विकास का रोडमैप बनाया : अकबर (फोटो सहित)

भोपाल, 28 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एम़ ज़े अकबर ने यहां रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के हर वर्ग के विकास का रोडमैप बनाया है और उसे साधन-सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में रविवार को तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेने आए अकबर ने कहा, “जिस तिरंगा की छाया में हम हैं, उसमें अंकित चक्र राष्ट्र की गतिशीलता का प्रतीक है। इस तिरंगे की आन-बान-शान के लिए हमें समर्पित होना है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों ने जो कल्पना की थी, जो स्वप्न देखा था, उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ना है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के हर वर्ग के लिए विकास का रोडमैप तैयार करके साधन-सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने अपने देश का विदेशों में सम्मान बढ़ाया है, इसके साथ ही प्रगति के रास्ते पर देश अग्रसर हो रहा है।

अकबर ने कहा कि राजनीति में स्थायित्व लाकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक विकास की यात्रा जारी है, आने वाले दिनों में भारत सुपर पावर बनेगा। इस अनुष्ठान में देश की सवा अरब जनता की आहुति अपेक्षित है।

उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान करने वालों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के पीछे त्याग और बलिदान का लंबा इतिहास है। देश की जनता, विभिन्न विचारधाराओं ने एक सूत्र में बंधकर विदेशी दासता से भारत को राजनीतिक आजादी दिलाई थी। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हमें भारत के विकास, जन-जन की खुशहाली के लिए उसी जज्बा, जुनून से जुटना है।

उन्होंने तिरंगा यात्रा से देश में बने माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि इस यात्रा से देश में राष्ट्रीयता का जो ज्वार आया है, उसे हमें रचनात्मक दिशा देना है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवाओं, महिलाओं व पिछड़ों की उन्नति के लिए जो योजनाएं आरंभ की हैं, उन्हें सही परिप्रेक्ष्य में क्रियान्वित करके देश से गरीबी, बीमारी, लाचारी, निरक्षरता, बेरोजगारी को पूरी तरह मिटाना है।

तिरंगा यात्रा में एम़ ज़े अकबर मोटरसाइकिल पर हाथ में तिरंगा थामे हुए चल रहे थे। इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत, प्रदेश प्रवक्ता व सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा सहित अनेक लोग शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493