लॉस एंजेलिस, 1 सितंबर (आईएएनएस)। पिछले 62 वर्षो से अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे सत्तर पार कर चुके गायक क्लिफ रिचर्ड का कहना है कि फिलहाल संन्यास लेने की उनकी कोई योजना नहीं है।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट कॉ डॉट यूके’ के मुताबिक, रिचर्ड (75) यौन शोषण के आरोप में दो साल पुलिस जांच का सामना कर चुके हैं और फिर सबूत के अभाव में आरोप से बरी हो चुके हैं। वह इस बात पर जोर देते हैं कि वह आने वाले सालों की चिंता नहीं करते और जिस काम को करने से उन्हें खुशी मिलती है, उसे करना जारी रखते हैं।
रिचर्ड ने एक रेडियो स्टेशन से बातचीत के दौरान कहा, “उम्र के आगे समर्पण नहीं करना महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ मन की अवस्था है। आपके लिए अपनी मानसिक अवस्था को साफ रखना भी जरूरी है।”
अक्टूबर में 76 साल के हो रहे इस गायक का कहना है, ” संन्यास शब्द मेरे शब्दकोश में नहीं है। यह सोचना बहुत आसान है, मैं अब 76 साल का हो गया हूं। अब मैं ऐसा करते नहीं देखा जा सकता। यह पूरी तरह गलत है। आप जो पहनने जा रहे हैं, वही पहनें। आप जो बनने जा रहे हैं, वही बनें।”
‘बैचलर ब्वॉय’ जैसा हिट अलबम देने वाले इस गायक की छोटी बहन का इस महीने की शुरुआत में देहांत हो गया था। वह इस बात पर जोर देते हैं कि उनकी सेहत बहुत अच्छी है, लेकिन लगातार उन्हें मेडिकल जांच करवानी पड़ती है।
रिचर्ड का कहना है कि वह खुद को खुशकिस्मत मनते हैं कि उन्हें कोई बड़ी बीमारी नहीं है।
dharmpath.com dharmpath