शिमला, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। एमटीबी हिमालया का नाम जेहन में आते ही दुरूह रास्तों, असीम चुनौतियों और कभी न खत्म होने वाले रोमांच का अहसास होता है। देश की यह अग्रणी माउंटन बाइकिंग रेस अपने अस्तित्व के 12वें साल में प्रवेश कर चुकी है और यह साल उसके लिए नए रास्तों, नई चुनौतियों और नए रोमांच से भरपूर होगा।
इस साल इस वार्षिक क्रास कंट्री और मल्टी स्टेज रेस माउंटन बाइकिंग रेस का आयोजन 24 सितम्बर से तीन अक्टूबर तक होगा और इसमें बड़ी संख्या में विदेशी चालक भी हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने इस साल रेस के मार्ग में परिवर्तन किया है और यह शिमला से शुरू होकर हिमाचल की वादियों में स्थित दुरूह रास्तों से होकर धर्मशाला में खत्म होगी।
हिमालयन स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रोमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि यह पहला मौका है, जब यह रेस धर्मशाला रुख कर रही है। यह स्थान बौद्ध धर्मगुरू दलाई लामा के निवास के रूप में मशहूर है और एक बहुत बड़ा तीर्थ स्थल है।
रेस इस साल ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की सीमाओं को भी छुएगी। यह नेशनल पार्क कुल्लू जिले में स्थित है और देश के सबसे बड़े नेशनल पार्को में से एक है।
इसके अलावा यह रेस बीर-बीलिंग भी जाएगी, जो कांगड़ा घाटी में स्थित है। बीर और बिलिंग को दुनिया भर में पैराग्लाइडिंग के लिए जाना जाता है। यह इटली के लेक कोमो के बाद दुनिया का सबसे अच्छा पैराग्लाइडिंग आकर्षण है और यहां एक बेहतरीन फ्लाइंग साइट है।
इस साल की रेस को आठ चरणों में विभाजित किया गया है। इसके तहत चालक कुल 650 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और इस दौरान उन्हें 16 हजार मीटर से अधिक का एलिवेशन हासिल करना होगा। एक दिन में औसतन चालक 60 से 90 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
सूद ने कहा कि रेस के दौरान चालक जंगलों, सकरे पथरीले रास्तों, पत्थरों, कीचड़, बिखरे हुए पत्थरों और गांव की सड़कों से होकर गुजरेंगे।
यह रेस गाडागुफार, नरकंडा, लुरी, जालोरी पास, गाडागुशहाएनी, झांझीली, मंडी, बारोट से होते हुए धर्मशाला में समाप्त होगी।
रेस के बीते संस्करण में दुनिया भर के कई शीर्ष चालकों ने हिस्सा लिया था। इनमें विश्व के नौवें वरीयता प्राप्त पुर्तगाल के लुइस पिंटो, केप इपिक विजेता कैथरीन विलियमसन (ब्रिटेन), नौ बार के जर्मन चैम्पियन रेमंड डीटजेन तथा पुर्तगाल बाइक रेस (बिना रुके 500 किमी) को जीतने वाली पहली महिला सोनिया लोपेज ने हिस्सा लिया था।
dharmpath.com dharmpath