देवरिया, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के पचलढ़ी गांव में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड के निकट सोमवार को पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता वकील सिंह का शव बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस की ‘किसान महायात्रा’ इसी गांव से शुरू होने वाली है।
पुलिस को आशंका है कि पुल से गिरकर उनकी मौत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी छह सितंबर को पचलढ़ी गांव से ‘किसान महायात्रा’ की शुरुआत करने वाले हैं। उनके आगमन के लिए पचलढ़ी गांव में हेलीपैड बनाया जा रहा है। पचलढ़ी के निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता वकील सिंह रविवार देर रात तक यात्रा की तैयारियों में लगे थे।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार की सुबह हेलीपैड से करीब 25 मीटर दूर पचलढ़ी गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया के नीचे उनका शव ग्रामीणों ने देखा। उनका सिर घुटने भर पानी में डूबा हुआ था।
इस मामले में एकौना थाने के प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि शरीर पर लगी चोटों को देखकर लग रहा है कि संभवत: 15 फीट उंची पुलिया से गिरने के कारण उनकी मौत हुई। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath