भोपाल, 5 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गणेश चतुर्थी का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिरों में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों से लेकर घरों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
राज्य की राजधानी के मंदिरों में सोमवार की सुबह से ही श्रद्घालुओं की भारी भीड़ देखी गई। बिरला मंदिर, बोर्ड ऑफिस के करीब स्थित मंदिर, माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्घालुओं ने पूजा अर्चना की। साथ ही यहां के प्रमुख बाजारों में गणेश की प्रतिमाएं खरीदने का भी दौर चलता रहा।
शहर के विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने हेतु अनुष्ठान का दौर भी जारी है। कई जगहों पर भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं, जहां गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इसी तरह इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में सुबह से ही हजारों की तादाद में श्रद्घालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां पहुंचे एक श्रद्घालु ने भगवान गणेश को स्वर्ण मुकुट अर्पित किया।
इसके अलावा ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत राज्य के अन्य शहरों में भी गणेश चतुर्थी का पव धूमधाम से मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुद्घि और समृद्घि के आराध्य देव भगवान गणेश जीवन में श्रेष्ठ और सृजनात्मक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने इस अवसर पर हर परिवार में समृद्धि आने की कामना की।
dharmpath.com dharmpath