कांग्रेस, जद(यू) का सरकार पर सार्वजनिक धन की बर्बादी का आरोप

नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस और जद(यू) ने मंगलवार को भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सरकार के 23 मंत्रियों द्वारा अपने कार्यालय के नवीनीकरण पर 3.5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने को बेकार करार दिया।

आरटीआई के जरिए हासिल की गई जानकारी के आधार पर इकॉनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित एक खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों दलों के नेताओं ने सरकार द्वारा जनता के पैसे को इस तरीके से खर्च किए जाने का कारण पूछा।

कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से कहा, “यह ध्यान में रखते हुए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र फालतू खर्चो पर बोलते रहे हैं, यह आश्चर्यजनक है कि कुछ मंत्री करदाताओं के पैसे से अपने कार्यालयों का नवीनीकरण करा रहे हैं।”

उन्होंने पूछा कि हम जानना चाहते हैं कि नवीनीकरण के लिए इस धनराशि के इस्तेमाल की क्या वजह है।

रपट में कहा गया है कि सरकार के प्रथम दो सालों में 23 मंत्रियों के लिए कार्यालय के नवीनीकरण पर करीब 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

इसमें ज्यादा खर्च करने वालों में स्मृति ईरानी, चौधरी बीरेंद्रर सिंह, राज्यवर्धन सिंह राठौर, उपेंद्र कुशवाहा, राम शंकर कठेरिया, जे.पी.नड्डा, सांवरलाल जाट और जितेंद्र सिंह शामिल हैं।

स्मृति ईरानी जब मानव संसाधन मंत्री थीं तो उन्होंने अपने और दो कनिष्ठ मंत्रियों के कार्यालयों के नवीनीकरण पर 1.16 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें से ईरानी के कार्यालय पर 70 लाख रुपये और दो राज्य मंत्रियों के कार्यालय पर 40 लाख रुपये खर्च कि ए गए।

पिछले कैबिनेट फेरबदल में ईरानी को मानव संसाधन मंत्रालय से हटाकर कपड़ा मंत्रालय दे दिया गया।

चतुर्वेदी ने कहा कि यह भी खबरों में रहा कि कैसे इन मंत्रियों ने दूसरी जिम्मेदारियां संभाली तो इन्होंने अपने कार्यालयों का फिर नवीनीकरण कराया।

उन्होंने कहा कि इस तरह हर बार एक मंत्री के दूसरी कुर्सी संभालने पर कार्यालय का नवीनीकरण और जरूरत के मुताबिक मरम्मत किया गया। मामले से जुड़े मंत्रियों द्वारा इस तरह से कार्यालयों के नवीनीकरण पर खर्च की जरूरत पर जवाब देना चाहिए।

जनता दल युनाइटेड (जदयू) के नेता वशिष्ठ नारायण सिंह ने बेहिसाब तरीके से करदाताओं के पैसे के दुरुपयोग पर सवाल उठाया।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि सवाल यह है आप करदाताओं के पैसे का सम्मान नहीं करते और आप इसका व्यक्तिगत शौक के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं।

सिंह ने कहा कि करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग लोगों के साथ न्याय नहीं है।

हालांकि दैनिक की इस रपट पर भाजपा ने टिप्पणी नहीं की। भाजपा प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने आईएएनएस से कहा कि मैंने इस रपट को नहीं देखा है, इसलिए मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493