सिद्धू नए राजनीतिक मोर्चे की औपचारिक घोषणा गुरुवार को करेंगे

चंडीगढ़, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को यहां एक नए राजनीतिक मोर्चा ‘आवाज-ए-पंजाब’ की औपचारिक घोषण करेंगे।

पूर्व राज्यसभा सदस्य सिद्धू ने गत दो सितम्बर को नए राजनीतिक मोर्चा को ऑनलाइन जारी किया था। यह मोर्चा पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरेगा।

नए मोर्चा के अन्य सदस्यों में भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्तान एवं पंजाब के सत्ताधारी दल के विधायक परगट सिंह और दो अन्य निर्दलीय विधायक बलविंदर सिंह बैंस और सिमरजीत सिंह बैंस शामिल हैं।

सिमरजीत सिंह बैंस ने बुधवार को यहां कहा, “परगट सिंह और बैंस बंधुओं के साथ सिद्धू गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।”

नए राजनीतिक संगठन की घोषणा के साथ सिद्धू आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाने वाले हैं।

पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अकाली दल ने परगट सिंह को गत माह पार्टी से निलंबित कर दिया था।

पिछले 18 जुलाई को सिद्धू ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद अटकलों को बल मिला था कि वह आप में शामिल हो सकते हैं।

तीन साल पहले अकाली दल के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैंस बंधुओं की अनबन हो गई थी। लुधियाना जिले में इनका अच्छा प्रभाव है।

पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए अगले साल जनवरी या फरवरी में चुनाव होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493