शतरंज ओलम्पियाड : मामूली अंतर से जीत भी दिला सकती है भारत को पदक

चेन्नई, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष शतरंज टीम यदि अपनी मौजूदा फॉर्म कायम रखने में सफल रहती है तो 11वें शतरंज ओलम्पियाड में उनका पदक जीतना लगभग तय है।

चेन्नई, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष शतरंज टीम यदि अपनी मौजूदा फॉर्म कायम रखने में सफल रहती है तो 11वें शतरंज ओलम्पियाड में उनका पदक जीतना लगभग तय है।

शतरंज विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय टीम ओलम्पियाड के अगले मुकाबलों में यदि मामूली अंतर से भी जीत हासिल करती रहती है तो उसका पदक जीतना तय है।

अजरबेजान की राजधानी बाकू में चल रहे शतरंज ओलम्पियाड में भारतीय टीम पांच राउंड के बाद संयुक्त रूप से शीर्ष पर बनी हुई है, हालांकि गुरुवार को अब भारतीय टीम को छठे राउंड में नीदरलैंड्स जैसी धुरंधर टीम का सामना करना है।

ग्रैंडमास्टर अभिजीत कुंते ने आईएएनएस को बताया, “भारतीय टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और लगातार पांच जीत हासिल कर चुकी है। टीम बिल्कुल युवा है और अपना स्वाभाविक खेल खेल रही है। उनके खेलने के अंदाज से अब तक ऐसा लगा है कि वे जीतने के लिए खेल रहे हैं।”

उन्होंने बताया, “अमूमन टीमें सफेद मोहरों के साथ जीत और काले मोहरों के साथ ड्रॉ का लक्ष्य लेकर उतरती हैं। लेकिन भारतीय टीम काले मोहरों से भी जीत हासिल करने में सफल रही है। अब तक खेल से तो यह स्पष्ट हुआ है कि भारतीय खिलाड़ी हर मुकाबले में जीतने का लक्ष्य लेकर उतरे हैं।”

कुंते के अनुसार, ओलम्पियाड के इतिहास में शायद ऐसा पहली बार हुआ है कि भारतीय टीम लगातार पांच जीत हासिल करने में सफल हुई है।

ओलम्पियाड में अब तक अपने पांचों मुकाबले जीतने वाले भारतीय टीम के सदस्य ग्रैंड मास्टर विदित संतोष गुजराती की ओर इशारा करते हुए कुंते ने कहा कि शायद ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भारतीय खिलाड़ी ने लगातार पांच मैचों में जीत हासिल की है।

एक शतरंज कोच ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, “भारतीय टीम अब अपने शेष मैच जीतने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, चाहे जीत का अंतर कुछ भी हो। अगर वे ऐसा करने में सफल रहते हैं और एक अंक अंतर से ही सही जीत हासिल करते रहते हैं तो दबाव दूसरी टीमों पर आ जाएगा।”

नीदरलैंड्स के खिलाफ छठे राउंड के मुकाबले के बारे में उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में सारा दारोमदार 15वीं विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय ग्रैंड मास्टर पी. हरिकृष्णा पर होगा। हरीकृष्णा को छठे राउंड में 12वीं विश्व वरीयता प्राप्त नीदरलैंड्स के अनीष गिरी के खिलाफ खेलना है।

कुंते ने हालांकि टीम के साथ अतिरिक्त के रूप में गए मजबूत खिलाड़ियों की कमी को लेकर चिंता जताई है।

प्रत्येक दो वर्ष पर होने वाला शतरंज ओलम्पियाड 11 राउंड का स्विस ओपन टूर्नामेंट है, जिसमें बुधवार का दिन विश्राम का दिन है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493