पैरालम्पिक खेलों का हो टीवी पर सीधा प्रसारण : प्रदीप राज

नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। पैरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के महासचिव और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रदीप राज ने बुधवार को ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो में गुरुवार से शुरू हो रहे पैरालम्पिक खेलों के टीवी पर सीधे प्रसारण की मांग की है।

यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राज ने रियो पैरालम्पिक खेलों के टीवी प्रसारण का समर्थन किया और रियो गए भारतीय अधिकारियों को भी आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि वहां गए अधिकतर अधिकारी अपना समय खरीदारी और मौज-मस्ती करने में लगाएंगे।

राज ने कहा, “यह अधिकारी खेल और पैरा खेल के बारे में नहीं जानते हैं। यह लोग वहां टैक्स देने वालों के पैसों पर छुट्टियां बिताने गए हैं। अधिकतर समय यह अधिकारी स्टेडियम तक भी नहीं जाएंगे और खिलाड़ियों को अकेला छोड़ देंगे।”

भारत में खेलों के टीवी प्रसारण की बात करते हुए राज ने कहा कि बार-बार इस बारे में गुहार लगाने के बावजूद अधिकारियों ने अब तक इस मसले पर कोई जवाब नहीं दिया है।

उन्होंने कहा, “सरकार का यह पैरा खिलाड़ियों के साथ भेदभाव वाला व्यवहार है। हम भी इसी देश के नागरिक हैं। जब रियो ओलम्पिक का प्रसारण करने में कोई दिक्कत नहीं थी तो अब क्या दिक्कत है?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493