पणजी, 8 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई ‘धक्का-मुक्की’ भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) द्वारा पूर्व नियोजित था और पुलिस ने इसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया। आप के नेता मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को यह आरोप लगाया।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने एक सम्मेलन से इतर यहां संवाददाताओं से कहा, “सोमवार को जिस तरीके से यह हमला हुआ। अरविंद जी के साथ धक्का-मुक्की की गई। वहां भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं मौजूद थीं, टीवी चैनलों के कैमरे मौजूद थे। पुलिस वहां मौजूद थी, लेकिन उन्हें रोकने के लिए कुछ नहीं कर रही थी। इसलिए यह पूर्व नियोजित प्रतीत होता है।”
केजरीवाल को भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं घेरकर पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट के बदले कथित यौन शोषण के आरोप पर सफाई मांग रही थी।
केजरीवाल अपने चार दिन के पंजाब दौरे पर लुधियाना रवाना हो रहे थे।
सिसोदिया ने कहा कि पुलिस को कानून-व्यवस्था को लेकर पहले ही इत्तला दे दी गई थी, इसके बावजूद पुलिस ने धक्का-मुक्की रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
सिसोदिया ने कहा, “कल से ही पुलिस को मौके पर उपस्थित रहने को कहा गया था, क्योंकि वहां कुछ अनहोनी की आशंका थी। लेकिन इसके बावजूद पुलिसवाले सतर्क नहीं थे।”
dharmpath.com dharmpath