कोयंबटूर, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। यहां कारी मोटर स्पीडवे सर्किट पर 19वें जेके टायर-एफएमएससीआई राष्ट्रीय रेसिंग चैंपियनशिप के दूसरे राउंड में शनिवार को यूरो जेके 16 और एलजीबी फार्मूला-4 श्रेणियों में क्रमश: अनंत षणमुगम और विष्णुप्रसाद ने जीत हासिल की।
जेके टूरिंग कार श्रेणी के चैंपियनशिप विजेता आशीष रामास्वामी को भी जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं आई। यह उनकी लगातार तीसरी जीत है।
शनिवार को रेस में सबकुछ उम्मीद के मुताबिक शुरू हुआ। नयन चटर्जी ने यूरो जेके 16 में पोल पोजिशन ली। उनके चिर विरोधी रिकी डोनिसन को तीसरा स्थान मिला।
सबकी नजरों से दूर अनंत से किसी को जीत की उम्मीद नहीं थी, हालांकि अंनत ने शुरुआत में ही नयन को पीछे छोड़ दिया।
जीत के दावेदार माने जा रहे नयन को तब और झटका लगा जब खराब शुरुआत के बाद अनिंदित रेड्डी भी उनसे आगे निकल गए। नयन इसकी भरपाई कर पाते तब तक अनंत काफी आगे निकल चुके थे।
नयन को अंतत: तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि महाराष्ट्र के मोहम्मद नलवाला और ध्रुव मोहिते को क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान मिला।
शनिवार को ही चैम्पियनशिप के दूसरे राउंड की जेके 16 रेस में खास बदलाव देखने को नहीं मिला। अनंत, कार्तिक और नयन ने ठीक पहले रेस की तरह क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
दो राउंड के बाद शीर्ष पर रहे अनंत ने कहा, “मेरी शुरुआत खराब रही और मैं खुशकिस्मत था कि रफ्तार और धीमी नहीं पड़ी। मैंने रेस के दौरान काफी अंतर बना लिया था और जब मैंने सेफ्टी कार को आते देखा, तो मेरे होश उड़ गए।”
हालंकि उनकी किस्मत अच्छी थी कि ट्रैक पर खतरे को टाल दिया गया और उन्हें चोट नहीं लगी।
दोनों ही रेस में अनंत ने कमाल की तेजी दिखाई, यहां तक कि उसने दूसरे रेस की 12वीं लैप में 1:00.874 मिनट का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला।
एलजीबी फॉमूर्ला-4 में, चेन्नई के ड्राइवरों का दबदबा रहा। शीर्ष तीन स्थानों पर चेन्नई के ड्राइवरों ने कब्जा जमाया। मेको रेसिंग के विष्णु प्रसाद हालांकि चोट से वापसी कर रहे थे, फिर भी रेस के दौरान उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने तेज और आक्रामक रेसिंग का प्रदर्शन किया। उन्होंने डार्क डॉन रेसिंग के अश्विन सुंदर के पीछे दूसरे नंबर से शुरुआत की, लेकिन उन्हें सबसे आगे निकलने में वक्त नहीं लगा।
dharmpath.com dharmpath