मप्र : सगी बहनों को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार

भोपाल, 12 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में दो सगी बहनों को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी राजू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने इस घटना की पुलिस महानिरीक्षक से जांच कराने के आदेश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, रायसेन जिले के बेगमगंज थाने के ग्राम मेहगांव टप्पा में दो सगी बहनों ने रविवार को कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। दोनों बहनें गांव के एक दबंग युवक राजू से परेशान थीं। वह उनके परिवार को प्रताड़ित करता था और उसने दोनों बहनों से छेड़छाड़ भी की थी। दोनों बहनों का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गृहमंत्री सिंह ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर दोनों बहनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “दोनों लड़कियों की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही इस मामले की जांच भोपाल के पुलिस महानिरीक्षक को सौंपी गई है।”

सिंह ने आगे कहा कि पीड़ित लड़कियां आरोपी से भयभीत हैं, लिहाजा पुलिस की ओर से उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493