हरिद्वार, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा है कि समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास अहम है। उन्होंने गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में 10 हजार लोगों को नशा मुक्त कराने एवं इन इलाकों में नशामुक्ति अभियान चलाने की प्रशंसा की।
डॉ. पण्ड्या ने कहा, “मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व जयपुर के जनजातीय भाई-बहन जिस तरह से शराबमुक्ति अभियान में भागीदारी करते हुए नशा से दूर रहने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, यह समाज के लिए एक शुभ संकेत है। उन जनजातीय परिवारों के साथ गायत्री परिवार खड़ा है। उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए भी गायत्री परिवार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया है। धीरे-धीरे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुधर रही है।”
उल्लेखनीय है कि गायत्री परिवार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास हेतु अलग-अलग कार्यक्रम संचालित कर रहा है। युवा वर्ग के लिए नैतिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक गतिविधियां चला रहा है तो गरीब व जनजातीय भाई-बहनों हेतु कुटीर उद्योग के साथ विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है। गायत्री परिवार हिमालय के बीच बसे उत्पाल्टा में युवाओं को कुटीर उद्योग का प्रशिक्षण दे रहा है, तो मध्यप्रदेश के जनजातीय भाई-बहनों के सांस्कृतिक उन्नयन हेतु विशेष अभियान चलाया है।
dharmpath.com dharmpath