पटना, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना और सारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को पानी में डूब जाने से छह बच्चों की मौत हो गई। इसमें पांच लड़कियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में दरधा नदी की बाढ़ में डूबने से तीन लड़कियों की मौत हो गई।
गौरीचक के थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि करमा पर्व को लेकर सतौली गांव के कई लड़कियां नदी के किनारे साग तोड़ने गई थीं। इसी क्रम में तीन लड़कियों के पैर फिसल गए और वे दरधा नदी के गहरे पानी में डूब गईं। सभी शवों को ग्रामीणों की मदद से नदी से निकाल लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अंजलि (12 वर्ष), रूबी (14 वर्ष) और राजमुनी (13 वर्ष) के रूप में की गई है।
इधर, सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में एक तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मिसकरवा टोला के कुछ बच्चे गांव के ही एक तालाब में नहाने गए थे। नहाने के क्रम में तीन बच्च्ेा गहरे पानी में चले गए। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में गोल्डी कुमारी (13), सूरज कुमार (10) और लक्ष्मी (13) शामिल हैं।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath