उप्र में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या

बरेली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार देर रात एक ही परिवार के पांच लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पति, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या से इलाके में सनसनी फैली हुई है। इसकी जानकारी पुलिस ने मंगलवार सुबह दी।

पुलिस के मुताबिक, जिले के हाफिसगंज थाना क्षेत्र के टेहरा गांव में मंगलवार सुबह स्थानीय निवासी सच्चन सिंह की पत्नी और तीन बच्चों के खून से सने शव बरामद किए गए। थोड़ी देर बाद सच्चन सिंह का भी शव घर से करीब एक किमी दूर मिला। सभी की धारदार हथियार से हत्या की गई है।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच कर रहे हैं। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आर. के. भारद्वाज ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद ही इस सामूहिक हत्याकांड का मूल कारण लग रहा है। हत्या देर रात हुई है।

उन्होंने बताया कि परिवार बहुत ही गरीब था। शुरुआती जांच में पता चला है कि सच्चन सिंह का अपनी पत्नी, मां और भाई से विवाद था। सोमवार देर रात शराब पीने के बाद उनमें झगड़ा भी हुआ था।

भारद्वाज ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद के अलावा कई दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493