देश में हर्षोल्लास से मनी बकरीद (राउंडअप)

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी सहित सूचे देश में मंगलवार को मुसलमान समुदाय के लोगों ने ईद-उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। जम्मू एवं कश्मीर को छोड़कर अन्य राज्यों में शांति रही।

दिल्ली के ऐतिहासिक जामा मस्जिद, फतेहपुरी तथा शाही ईदगाह सहित राजधानी के विभिन्न मस्जिदों में हजारों लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। इन मस्जिदों में सुबह 7.30 बजे विशेष नमाज अदा की गई।

अन्य समुदाय के लोगों ने अपने मुसलमान भाइयों को ईद-उल-अजहा की बधाई दी। नमाज के बाद बकरे व भेड़ों की कुर्बानी दी गई।

जामा मस्जिद के सैयद अहमद बुखारी ने आईएएनएस से कहा, “हमारे देश का राष्ट्रीय एकता का जो विशिष्ट गुण है, वह आज देखने को मिला, जब हिंदू समुदाय के कई लोगों ने अपने मुसलमान भाइयों को इस पर्व की बधाई दी।”

उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदाय के लोगों द्वारा अन्य धर्म के लोगों को बधाई देना यह दर्शाता है कि भाईचारे में कोई कमी नहीं आई है और यह जारी रहेगा।

इमाम ने कहा, “यही भाईचार है, जो हमारे देश को आगे ले जाएगा। कुछ कट्टरवादी तत्व हैं, लेकिन उनकी तादाद बेहद कम हैं। वे हमारे भाईचारे के नुकसान नहीं पहुंचा सकते।”

उधर, कश्मीर के सभी 10 जिलों में प्रशासन ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया। ऐसा अलगाववादियों की ओर से नमाज के बाद आहूत बंद को देखते हुए किया गया। प्रशासन ने हिंसक गतिविधियों के मद्देनजर श्रीनगर तथा अन्य बड़े शहरों में ईद की नमाज के लिए लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी। लोग केवल मस्जिदों में नमाज अदा कर पाए।

इस बीच, 15 अगस्त को श्रीनगर के नौहट्टा में मुठभेड़ के दौरान घायल हुए पुलिस कांस्टेबल रउफ अहमद ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया।

आतंकवादियों ने सोमवार शाम अनंतनाग शहर में शेरबाग पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड फेंका, जिसमें बिलाल अहमद नामक नागरिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए।

मध्यप्रदेश की ईदगाहों तथा मस्जिदों में मंगलवार को ईद की विशेष नमाज अदा की गई। सभी स्थानों पर देश की खुशहाली और आपसी भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी गई। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बकरीद की बधाई दी।

राजधानी भोपाल के ईदगाह में ईद की विशेष नमाज हुई। शहर के काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने नमाज अदा कराई। इसके अलावा जामा मस्जिद, ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद और अन्य मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई। ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचे मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

राज्य के मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को ट्वीट के जरिए प्रदेशवासियों को बकरीद की बधाई दी और सुख-समृद्घि की कामना की।

राज्य के जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर आदि स्थानों पर भी ईद का पर्व सद्भाव के साथ मनाया गया। बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, ओड़िशा, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493