झारखंड : गिलुवा को नई टीम की घोषणा के लिए शुभ मुहुर्त का इंतजार

रांची, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व चाईबासा से लोकसभा सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने राज्य में अपनी नई टीम की अभी तक घोषणा नहीं की है। उनकी नियुक्ति हुए पंद्रह दिन से अधिक समय बीत चुका है।

ऐसा लगता है कि गिलुवा किसी शुभ मुहुर्त का इंतजार कर रहे हैं। उनकी नई टीम की घोषणा 2-11 अक्टूबर के बीच नवरात्रि के दौरान हो सकती है।

गिलुवा को 27 अगस्त को झारखंड में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने हालांकि कार्यभार चार सितंबर को संभाला था, क्योंकि वह दिन उनके अनुसार ‘शुभ’ था। उसके बाद से उनकी नई टीम को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई।

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, चूंकि 17 सितंबर तक भाद्रपद है, जिसके बाद पितृपक्ष आता है और इस दौरान कोई नया कार्य करना शुभ नहीं माना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष ने इसी को लेकर नई कमेटी की घोषणा टाल दी है।

झारखंड में लक्ष्मण गिलुवा को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा अपने गढ़ संथाल परगना में पार्टी को और मजबूत करना चाहती है।

हाल ही में नई कमेटी की संरचना को लेकर फैसला लेने के लिए नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रघुबर दास, लक्ष्मण गिलुवा, त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक बैठक में हिस्सा लिया।

भाजपा प्रवक्ता ने राज्य कमेटी की घोषणा में हो रही देर का बचाव किया।

झारखंड में भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने आईएएनएस से कहा, “प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। एक अच्छी टीम का गठन किया जाएगा और कमेटी के गठन में कम से कम एक माह का समय लगेगा। जहां तक शुभ दिन की बात है, तो हर कोई भी काम शुभ मुहूर्त में शुरू करना चाहता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493