मप्र के इंजीनियरिंग कॉलेजों में परीक्षा हिंदी में भी

भोपाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध इंजीनियरिग कॉलेज के विद्यार्थी अब हिंदी में भी परीक्षा दे सकेंगे, अब तक परीक्षा सिर्फ अंग्रेजी में ही होती आई है। यह सुविधा इसी शैक्षणिक सत्र से मिलेगी।

तकनीकी शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) स्कूल एवं श्रम राज्यमंत्री दीपक जोशी के निर्देश पर राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने हिंदी में भी परीक्षाएं कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने इस कदम की सराहना की है।

जोशी ने कहा है कि इससे ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों को सहूलियत होगी। कई बार विद्यार्थी अंग्रेजी न समझ पाने के कारण पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं। कुछ छात्र समझने के बावजूद अंग्रेजी में अच्छे तरीके से उत्तर नहीं लिख पाते।

तय व्यवस्था के मुताबिक, परीक्षा में हिंदी में उत्तर देने के लिए विद्याíथयों को फॉर्म में भाषा का विकल्प भरना होगा। विद्यार्थी द्वारा भरा गया विकल्प ऐच्छिक एवं अंतिम होगा। यह विकल्प पूरे पाठ्यक्रम के लिए अनिवार्य होगा। तकनीकी शब्दावली अंग्रेजी में लिखी जा सकेगी। इंजीनियरिग के प्रश्नपत्र अब अंग्रेजी और हिंदी, दोनों भाषाओं में छपेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493